
छह दिन बाद राजकनाल से मिला लापता कारोबारी की पत्नी का शव
- भरत सिंह और बेटी लता के शव पहले मिल चुके, पिता-बेटी का एक साथ हुआ था अंतिम संस्कार; पुलिस हादसे, हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच
ऐलनाबाद।
हरियाणा के सिरसा जिले के ऐलनाबाद से लापता इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी भरत सिंह सहारण की पत्नी मंजू (43) का शव बुधवार को छठे दिन राजकनाल से बरामद हुआ। 693 हेड के पास गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान शव को नहर से बाहर निकाला। इससे पहले भरत सिंह और उनकी बेटी लता के शव राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में गांव डबली के पास नहर से मिले थे। सोमवार को पिता-बेटी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया था। परिवार के तीनों सदस्यों की मौत के बाद अब पुलिस इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को भरत सिंह, उनकी पत्नी मंजू और बेटी लता घर से बाइक पर निकले थे। काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। मोबाइल लोकेशन की जांच में राजस्थान की ओर जाने वाली नहर के मसीतां हेड पर आखिरी लोकेशन मिली। इसके बाद नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में 12 गोताखोरों की टीम ने तलाश की। तीन दिन तक लगातार चले अभियान के दौरान पहले बेटी लता और फिर भरत सिंह के शव बरामद हुए। मंजू की तलाश जारी थी। बुधवार को उनका शव मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन में अहम सफलता मिली।
भरत सिंह के मोबाइल से खुल सकते हैं राज
पुलिस इस मामले में हादसे, हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। भरत सिंह का मोबाइल फोन पुलिस ने कब्जे में लिया है। उसकी कॉल डिटेल और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस मंजू और लता के मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लेने की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल परिवार के तीनों सदस्यों की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। ग्रामीणों के अनुसार, भरत सिंह ऐलनाबाद के नोहर रोड पर गणपति इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान चलाते थे। दुकान साझेदारी में थी और वहां बड़ी मोटरों, मशीनरी की वायरिंग व स्टार्टर से संबंधित काम होता था। उनका कारोबार काफी पुराना था। गांव में उनके पास करीब पांच एकड़ जमीन भी बताई गई है। बताया जाता है कि 16 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे भरत सिंह बाइक लेकर दुकान जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान मंजू ने पेट में दर्द होने की बात कही। इसके बाद करीब डेढ़ बजे वह बेटी लता के साथ बाइक पर निकल गईं। दोनों अपने मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थीं। बाद में तीनों के लापता होने की जानकारी सामने आई।
ऐलनाबाद थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के अनुसार, मंजू का शव बरामद कर लिया गया है। नियमानुसार कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव सिरसा लाया जाएगा। यहां परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही तीनों की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Sirsa, Sirsa | Oct 21, 2026