
डॉ. वाचस्पति के प्रयासों से शंकरगढ़ नगर पंचायत को मिली 4 करोड़ रुपये की विकास सौगात
सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट समेत होंगे कई विकास कार्य
बारा, प्रयागराज। बारा विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। नगर पंचायत शंकरगढ़ को पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत करीब 4 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है। इसे बारा विधायक डॉ. वाचस्पति के लगातार प्रयासों और शासन स्तर पर की गई प्रभावी पैरवी का परिणाम माना जा रहा है।
शासन से स्वीकृत परियोजनाओं के तहत नगर पंचायत शंकरगढ़ में सीसी सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद नगर के विभिन्न वार्डों में आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी, जल निकासी की समस्या से राहत मिलेगी और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक डॉ. वाचस्पति ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि शंकरगढ़ नगर पंचायत की आवश्यकताओं को देखते हुए इन परियोजनाओं के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिनका परिणाम अब सामने आया है।
उन्होंने कहा कि बारा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य लगातार जारी रहेगा।
वहीं, विकास परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री और विधायक डॉ. वाचस्पति का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इन कार्यों के पूरा होने से शंकरगढ़ नगर पंचायत की तस्वीर बदलेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
Bara, Allahabad | Jul 11, 2026