
सुंदरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 914 ग्राम चरस के साथ मंडी और कुल्लू के दो युवक गिरफ्तार।
न्यूज टुडे हिमाचल | सुंदरनगर
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने पुंघ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 914 ग्राम चरस बरामद कर मंडी और कुल्लू के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाकाबंदी के दौरान एप्लाइड फॉर नंबर कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 914 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू, निवासी गांव खिन्नी, डाकघर ऑट, तहसील ऑट, जिला मंडी तथा देवेंद्र कुमार, निवासी गांव पनवी, डाकघर बरहन, तहसील सैंज, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
सुंदरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।