
ऊना के कुठियाड़ी में बेकाबू ट्रक का कहर, चार वाहनों को मारी टक्कर; कैंपर को 30 फीट तक घसीटा
हादसे में छह लोग घायल, एक की गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर; ट्रक का क्लीनर मौके से फरार
ऊना, हिमाचल प्रदेश। जिला ऊना के अंब उपमंडल के तहत कुठियाड़ी में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने चार वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया है।
हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कैंपर को करीब 30 फीट तक घसीट दिया। टक्कर के कारण कैंपर और एक कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना अंब की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक का क्लीनर घटनास्थल से फरार हो गया है। पुलिस टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
#NewsTodayHimachal #Una #RoadAccident #HimachalPradesh