वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर राजस्व अमीनों का धरना
अररिया। बिहार राजस्व अमीन संघ के आह्वान पर सोमवार को जिले के सभी नौ अंचलों के करीब 30 राजस्व अमीन जिला मुख्यालय पहुंचे। अमीनों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में एकदिवसीय धरना देकर आवाज बुलंद की।
धरना के दौरान राजस्व अमीनों ने वेतन वृद्धि, पदोन्नति, बायोमेट्रिक हाजिरी से मुक्ति तथा यात्रा भत्ता समेत कई मांगों को प्रमुखता से उठाया। अमीनों का कहना था कि उनकी जिम्मेदारियों और कार्यक्षेत्र को देखते हुए लंबित मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
धरना के बाद राजस्व अमीनों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। संघ के सदस्यों ने मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की।
अमीनों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो संघ के निर्देशानुसार आगे भी आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाया जा सकता है।