
*07 अगस्त से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान*
*कुटरावली में उद्योग संवाद एवं सीएम राईज़ स्कूल झुण्डपुरा में आयोजित होंगे जन-विश्वास अभियान के कार्यक्रम
मुरैना/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा जिले में 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार के लिए क्षेत्रीय भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले के अधिकारी चिन्हित क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जमीनी समीक्षा करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के प्रथम चरण में 07 अगस्त को कुटरावली में उद्योग संवाद का आयोजन उमेश मंगल फैक्ट्री परिसर में किया जाएगा। इसके साथ ही सीएम राइज स्कूल ( शास. बालक उच्च. मा. विद्यालय ) झुण्डपुरा में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें आमजन की समस्याओं का सुनवाई कर त्वरित निराकरण किया जाएगा।
अभियान के दौरान जनसंवाद एवं उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नागरिकों एवं उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देशानुसार क्षेत्रीय भ्रमण से पूर्व संबंधित क्षेत्रों की सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाएगी। भ्रमण दिवस पर जिले में सामान्य समीक्षा बैठकें आयोजित नहीं होंगी तथा पूरा दिन क्षेत्रीय भ्रमण एवं जनसंपर्क गतिविधियों के लिए निर्धारित रहेगा।
सभी विभागों के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार क्षेत्र में उपस्थित रहकर हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने, विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करने तथा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।