
पंचायतीराज चुनाव को लेकर स्वीप कार्यक्रम आयोजित: जागरूकता रैली और संवाद से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
डीडवाना। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बालिया एवं प्यांवा में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। यह आयोजन रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी राजवीर सिंह यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही मतदाता संवाद और मतदान शपथ ग्रहण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जहां उपस्थित नागरिकों को लोकतंत्र में वोट के महत्व की जानकारी दी गई।विकास अधिकारी खुमाराम सारण ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 से 20 वर्ष के नवमतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, 'वोटर हेल्पलाइन ऐप' का उपयोग करने तथा चुनावों में महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से बिना किसी भय या प्रलोभन के निष्पक्ष, निर्भीक और अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी प्रणवेंद्र शर्मा, गणेशाराम बुडानिया, मनोज सैनी सहित अन्य प्रशासनिक कार्मिक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Oct 22, 2026