चार दिन की बारिश से मोरेल नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने की बहाव क्षेत्र से दूर रहने की अपील
बाटोदा। बरनाला तहसील क्षेत्र में पिछले चार दिनों से जारी रिमझिम बारिश के चलते मोरेल नदी के जलस्तर में रविवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई। टिगरिया-निमोद मार्ग स्थित पुलिया के नालों में पानी तेज वेग से बहता नजर आया। नदी में बढ़े जलप्रवाह को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों में भी सतर्कता बढ़ गई है। ग्रामीण सचिन घुणावत ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण तालाब, कुएं, बावड़ियां और कुंड पानी से लबालब हो गए हैं। बारिश का पानी अब नदी-नालों की ओर पहुंचने लगा है, जिससे मोरेल नदी में पानी का बहाव बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने को देखते हुए तहसीलदार ब्रजेश कुमार सिहरा और बाटोदा थानाधिकारी भोजाराम पूनिया ने आमजन से नदी, नालों और अन्य जलभराव एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से विशेष रूप से बच्चों को नदी और पुलिया के आसपास नहीं जाने देने तथा तेज बहाव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से खड़े नहीं रहने की सलाह दी है।