
शाहनगर/पन्ना । ग्राम मलघन में नाली का गंदा पानी अब ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। गांव की पक्की सड़क इन दिनों कीचड़ और गंदगी से पट गई है, जिससे रोजमर्रा का आवागमन मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को मजबूरी में कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नाली का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। लगातार जमा हो रहे पानी ने सड़क को दलदल जैसी स्थिति में पहुंचा दिया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है, जिन्हें फिसलन और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या नई नहीं है, लेकिन गांव की राजनीतिक खींचतान और आपसी मतभेदों के चलते इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो सकते हैं।
मलघन गांव में नाली का गंदा पानी सड़क पर फैलने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे लोगों का निकलना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।
#Shahnagar #Malghan #PannaNews #GroundReport #VillageIssues #DrainageProblem #RuralNews #MadhyaPradesh #BreakingNews #ShahNagarNews #Panna #PublicIssue