अवैध उत्खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, मेडिकल कॉलेज के पीछे 2 ट्रैक्टर जब्त, अब तक 11.44 लाख का जुर्माना वसूला
शिवपुरी- कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खनिज, राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स ने अवैध खन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के पीछे शासकीय भूमि पर मुरम-पत्थर का अवैध उत्खनन और परिवहन करते 2 आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। जांच में वाहन चालकों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद दोनों वाहनों को यातायात थाने की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया और एमपी खनिज निवारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड प्रस्तावित किया गया है।
कलेक्टर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान में अब तक अवैध परिवहन और खनन के 8 मामलों में 5 डंपर, 14 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 पोकलेन मशीन जब्त कर कुल 18 लाख 96 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है, जिसमें से 11 लाख 44 हजार 40 रुपये की राशि विभाग द्वारा वसूल की जा चुकी है।