
DU में छात्राओं का विरोध प्रदर्शन | SA News Chhattisgarh
नई दिल्ली | 30-09-2026: दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वतंत्रता और यौन हिंसा के खिलाफ आवाज उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। “Hum Auratein Azaad Hain” के बैनर तले हुए इन प्रदर्शनों में मिरांडा हाउस, कमला नेहरू कॉलेज, लेडी श्रीराम कॉलेज (LSR) और गार्गी कॉलेज समेत कई कॉलेजों की छात्राओं की भागीदारी रही।
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने पोस्टरों और नारों के जरिए महिलाओं पर लगाई जाने वाली पाबंदियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के कुछ नारे खास तौर पर चर्चा में हैं। इनमें “1 कचौरी, 2 समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा?”, “शर्म नहीं है मर्दों में, औरत क्यों है पर्दों में?” और “नारी अपने आप की, नहीं किसी के बाप की” जैसे नारे शामिल हैं।
इन प्रदर्शनों का तत्काल संदर्भ दक्षिण दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क के पास 17 वर्षीय लड़की के साथ हुए कथित गैंगरेप की घटना को बताया गया है। छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सुरक्षित सार्वजनिक स्थान, बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था की मांगें भी उठाई हैं।
28 सितंबर को डीयू के फैकल्टी ऑफ आर्ट्स और नॉर्थ कैंपस में बड़ी संख्या में छात्रों ने मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान “रेपिस्ट को अंदर करो, लड़कियों को नहीं” और “Hum Auratein Azaad Hain” जैसे संदेश भी सुनाई दिए। नारों और पोस्टरों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहे हैं, जिससे यह प्रदर्शन चर्चा में है। #DUProtest #WomensSafety #NewDelhi #SANewsChhattisgarh