
बिलौटी पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी, भरत तिवारी के परिजनों से मिल जताई संवेदना
सबहेड:
पांच लाख की आर्थिक सहायता सौंपी गई, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिलाया भरोसा
बिहार सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी रविवार को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पिता काशीनाथ तिवारी, माता आशा देवी सहित अन्य परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार इस मामले की न्यायिक जांच निष्पक्ष तरीके से करा रही है और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने परिजनों से बातचीत के दौरान कहा कि इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखें और सरकार की न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही अपील की कि इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विरुद्ध अपमानजनक अथवा असंसदीय भाषा का प्रयोग नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि बिहार ने लंबे संघर्ष के बाद शांति और विकास का माहौल प्राप्त किया है और राज्य सरकार कानून के शासन तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों का भी उल्लेख किया।
मौके पर महावीर चौधरी फाउंडेशन की ओर से सचिव सैयद सलमान हुसैन एवं विधायक अरुण मांझी ने दिवंगत भरत भूषण तिवारी के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इसके बाद मंत्री अशोक चौधरी जवईनिया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दलित एवं महादलित विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक अरुण मांझी, अरविंद कुमार सिंह (छोटू सिंह), रुबेल रविदास, परिमल राज, राजेश तिवारी, मनीष सिंह, राजेश त्यागी, पंकज सिंह, उप प्रमुख डुल सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे।