
सड़क हादसे में घायल नाथूराम चौहान का अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
समाजसेवी दल के प्रतिनिधिमंडल ने हरसंभव मदद का दिया आश्वासन, सरकार से सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग
देशआदेश सच की परख़
पांवटा साहिब। गत माह सड़क दुर्घटना में घायल हुए समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् नाथूराम चौहान का हाल जानने के लिए शनिवार को समाजसेवी मदन मोहन शर्मा, प्रदीप चौहान समेत दल का एक प्रतिनिधिमंडल सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने उपचाराधीन नाथूराम चौहान से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व क्रांति ज्वाल प्रजामंडल हिमाचल प्रदेश के संस्थापक भरत ठाकुर ने किया।
भरत ठाकुर ने कहा कि नाथूराम चौहान लंबे समय से आम लोगों के साथ-साथ जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर न्यायालय तक आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने नाथूराम चौहान को समाज और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाला व्यक्ति बताया।
भरत ठाकुर ने कहा कि नाथूराम चौहान के प्रति प्रदेश सरकार का रवैया और उनकी सुरक्षा को लेकर व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय है। उनके अनुसार, सरकार को चौहान और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य करने वाले ऐसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि नाथूराम चौहान ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और सर्वोच्च न्यायालय सहित विभिन्न मंचों पर पर्यावरण, जीव-जंतु, जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
भरत ठाकुर ने कहा कि सिरमौर जिला पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है। उन्होंने सरकार से मांग की कि नाथूराम चौहान और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी मदन मोहन शर्मा, मजदूर नेता प्रदीप चौहान, सोशल वर्कर मनिंदर सिंह, नवीन शर्मा आदि प्रतिनिधिमंडल ने नाथूराम चौहान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा आश्वासन दिया कि सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।