जमुई के बाद दरभंगा में परीक्षा देने जा रही छात्रा के अपहरण की कोशिश।
दरभंगा: जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह परीक्षा देने जा रही एक छात्रा के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। कीरतपुर अस्पताल के पास बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।
छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों और शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को बचाया। लोगों की भीड़ जुटते देख दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान राजू के रूप में हुई है। दोनों जमालपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी सहरसा से मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान कीरतपुर अस्पताल के पास उनकी नजर छात्रा पर पड़ी और उन्होंने उसे बाइक पर बैठाने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।