
*उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक*
उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों से संबंधित विभिन्न मामलों तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतियुक्ति, शिक्षकों की सेवा संपुष्टि तथा स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन शिक्षकों की सेवा संपुष्टि अब तक नहीं हो सकी है, वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि उनके मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जा सके। साथ ही स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति से संबंधित लंबित आवेदनों पर नियमानुसार विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों का नियमित अंतराल पर परीक्षा आयोजित करने तथा उसके आधार पर उनकी शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित मूल्यांकन से विद्यार्थियों की कमजोरियों की पहचान कर समय रहते उनमें सुधार किया जा सकेगा।
बैठक में हजारीबाग में संचालित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के शैक्षणिक प्रदर्शन एवं शिक्षण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था की सतत निगरानी एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशिक्षु आईएएस सुश्री पूर्वा अग्रवाल को मॉनिटरिंग करने को कहा
उपायुक्त ने सभी शिक्षकों से बच्चों को धाराप्रवाह पढ़ना एवं लिखना सिखाने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक भाषा एवं लेखन कौशल विद्यार्थियों के समग्र शैक्षणिक विकास की आधारशिला है, इसलिए इस दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए।
बैठक के दौरान शिक्षकों पर लंबित विभागीय कार्रवाई के मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को ऐसे सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान विद्यालय निरीक्षण में संज्ञान में आए मामलों के अनुपालन की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीओ सदर आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री पूर्वा अग्रवाल,जिला शिक्षा अधीक्षक आकाश कुमार व अन्य मौजूद थे।