
भवती विद्यालय के दो विद्यार्थियों का पीएटी 2026 के प्रथम राउंड में चयन, बिना कोचिंग हासिल की सफलता
बड़वानी 28 जुलाई 2026/शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवती के लिए एक बार फिर गौरव का अवसर आया है। विद्यालय के दो विद्यार्थियों का प्री एग्रीकल्चर टेस्ट (पीएटी) 2026 के प्रथम चरण में बिना किसी कोचिंग के प्रथम प्रयास में चयन हुआ है। राजमाता विजयराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर द्वारा जारी प्रथम चरण के कॉलेज आवंटन के अनुसार कु. अंकु हरेसिंह सोलंकी का चयन कृषि महाविद्यालय, गंजबासौदा तथा सुजल मला नरगावें का चयन कृषि महाविद्यालय, खंडवा में हुआ है।
विद्यालय के विद्यार्थियों का पीएटी में लगातार प्रत्येक वर्ष चयन होना विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित मार्गदर्शन और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। विद्यालय में नियमित कक्षाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु समय-समय पर विशेष मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री एवं आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जाता है, जिससे कृषि विषय के प्रति विद्यार्थियों की रुचि निरंतर बढ़ रही है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री असलम खान ने बताया कि विद्यालय में कृषि विषय का अध्ययन केवल सैद्धांतिक रूप से ही नहीं, बल्कि अत्यंत व्यावहारिक एवं प्रयोगात्मक तरीके से कराया जाता है। विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त कृषि प्रयोगशाला (एग्रीकल्चर लैब) की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही विभिन्न प्रोजेक्ट्स, मॉडल, फील्ड गतिविधियों एवं प्रयोगों के माध्यम से सीखने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष पीएटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों का चयन विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
कृषि विषय के शिक्षक श्री शफीक शेख ने बताया कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर द्वारा पीएटी 2026 के प्रथम चरण के कॉलेज आवंटन पत्र जारी किए गए हैं, जिनमें विद्यालय के दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चरणों में भी विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों का चयन होगा। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था का आधार कृषि है तथा कृषि क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। इसलिए विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही कृषि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित किया जाता है।
कृषि शिक्षक श्री महेश शिंदे ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 11वीं से ही विद्यार्थियों को कृषि विषय के साथ-साथ पीएटी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं, कृषि महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों की विस्तृत जानकारी दी जाती है। रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें नियमित रूप से विशेष मार्गदर्शन एवं अभ्यास कराया जाता है, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
विद्यालय परिवार ने दोनों चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।
#JansamparkMP
#Badwani