
देहरादून में नौकरी का मौका, 18 कंपनियां करेंगी 904 पदों पर भर्ती.....
देहरादून।उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से 29 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में 18 निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर कुल 904 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में देहरादून के साथ ही उत्तराखंड के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी शामिल हो सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण करा सकेंगे। विभाग ने युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराने और निर्धारित तिथि एवं समय पर रोजगार मेले में पहुंचने की अपील की है।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।
रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार समेत विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
इसके अलावा सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं के लिए दुबई में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए आईटीआई/आईटीआई सर्टिफिकेट धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। विभाग के अनुसार फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए 6 माह का अनुभव और 18 वर्ष की आयु निर्धारित की गई है।
विभाग का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। युवाओं से अपील की गई है कि वे रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
#DehradunJobs #RojgarMela2026 #UttarakhandJobs #DehradunRojgarMela #JobVacancy #EmploymentNews #PrivateJobs #ITIJobs #DubaiJobs #UttarakhandEmployment #DehradunEmployment #UttarakhandBroadcast