
*26 माह से जारी धरने के बीच ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार की बैठक, 25 अक्टूबर को होगा महाअधिवेशन*
यूपी हेड व्यूरो नागेंद्र पांडे
फतेहपुर जिला ब्यूरो अजय श्रीवास्तव
फतेहपुर यूपी । जिले में चिटफंड कंपनियों में जमा धनराशि की वापसी की मांग को लेकर ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार का अनिश्चितकालीन धरना पिछले 26 महीनों से जारी है। इसी क्रम में सदर कोतवाली क्षेत्र के नहर कॉलोनी परिषद में 1 अक्टूबर 2026 को संगठन की बैठक आयोजित की गई । जिला अध्यक्ष अंबिका प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में निवेशकों के भुगतान और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि चिटफंड कंपनियों में निवेश करने वाले लोगों की जमा धनराशि वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । संगठन के अनुसार, भारत सरकार द्वारा बनाए गए अनियमित जमा योजनाएं पाबंदी अधिनियम , 2019 के तहत कलेक्ट्रेट कार्यालय फतेहपुर में वर्षों से भुगतान के दावे संबंधी फॉर्म जमा किए जा रहे हैं । संगठन का आरोप है कि दावा फॉर्म जमा करने और भुगतान की प्रक्रिया अपेक्षित तरीके से संचालित नहीं हो रही है। इसको लेकर संगठन के पदाधिकारी कई बार अधिकारियों से मुलाकात कर प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने की मांग कर चुके हैं । बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 25 अक्टूबर को महाअधिवेशन आयोजित किया जाएगा । संगठन के मुताबिक इस अधिवेशन में देश के विभिन्न प्रदेशों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। महाअधिवेशन में निवेशकों की समस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी और जमा धनराशि की वापसी के लिए आगे की ठोस रणनीति तय की जाएगी । संगठन का कहना है कि उनका उद्देश्य प्रत्येक चिटफंड कंपनी के निवेशकों की जमा धनराशि की वापसी के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। अब 25 अक्टूबर को होने वाले महाअधिवेशन पर निवेशकों की निगाहें टिकी हैं ।