
बख्तियारपुर, पटना। बेटे के लिए नई साइकिल खरीदकर उसके साथ ननिहाल जा रहे पिता की खुशियां मंगलवार दोपहर मातम में बदल गईं। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर रवाईच गांव के सामने हुए सड़क हादसे में 12 वर्षीय अंकित कुमार की मौत हो गई, जबकि उसके पिता आलोक कुमार घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी आलोक कुमार मंगलवार को बख्तियारपुर बाजार से अपने बेटे अंकित के लिए साइकिल खरीदकर टेकाबीघा स्थित उसके ननिहाल जा रहे थे। इसी दौरान करीब दोपहर 2 बजे कल्याण बिगहा मोड़ से पश्चिम, रवाईच गांव के सामने आराध्या होटल के पास बख्तियारपुर-पटना लेन पर हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि पीछे से आ रही एक सीएनजी गाड़ी की साइकिल के पैडल से टक्कर होने के बाद बाइक असंतुलित हो गई। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठा अंकित सड़क पर गिर पड़ा। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर बख्तियारपुर थाने के एसआई विनय कुमार मौके पर पहुंचे और घायल पिता-पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बख्तियारपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. सुषमा कुमारी ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया। घायल आलोक कुमार का इलाज किया गया।
अंकित फतुहा में रहकर एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता था। दुर्गा पूजा की छुट्टियों में वह अपने ननिहाल टेकाबीघा आया हुआ था। मंगलवार को पिता के साथ साइकिल खरीदने बाजार गया था, लेकिन घर लौटने से पहले ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
फिलहाल, हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।