
सम्मानित व्यक्तियों का सम्मान समाज की सबसे बड़ी पूंजी है : हाजी मोहम्मद बक्स
उदयपुर, 12 जुलाई।
मुस्लिम महासंघ के संस्थापक हाजी मोहम्मद बक्स ने राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान-2026 के सफल आयोजन पर आयोजकों, सहयोगी संस्थाओं एवं पूरी आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, शिक्षा, प्रतिभा, एकता और सेवा की भावना को सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि लगभग 400 नामांकनों में से पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से 30 उत्कृष्ट व्यक्तियों का चयन किया गया। यह इस बात का प्रमाण है कि जब सम्मान योग्यता, प्रतिभा और समाज सेवा के आधार पर दिए जाते हैं, तो उनका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचता है।
हाजी मोहम्मद बक्स ने कहा कि आज समाज को अपनी कमियों की नहीं, बल्कि अपनी उपलब्धियों और सफलताओं की चर्चा करनी चाहिए। जब बच्चे अपने ही समाज के चिकित्सकों, अभियंताओं, उद्यमियों, पत्रकारों, खिलाड़ियों और समाजसेवियों को सम्मानित होते देखते हैं, तो उनके भीतर भी बड़े लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा और आत्मविश्वास पैदा होता है।
उन्होंने आयोजन की अनुशासित व्यवस्था, समयबद्ध संचालन तथा प्रत्येक सम्मानित व्यक्ति को सम्मानपूर्वक मंच प्रदान करने की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से स्वर्गीय हाजी नूर मोहम्मद खातून बेगम फाउंडेशन द्वारा दिए गए सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में शिक्षा, नेतृत्व, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की नई संस्कृति का निर्माण करते हैं।
अपने संबोधन के अंत में हाजी मोहम्मद बक्स ने कहा कि यदि समाज में शिक्षा, ईमानदारी, परिश्रम और आपसी भाईचारे को इसी प्रकार सम्मान मिलता रहा, तो नई पीढ़ी निश्चित रूप से देश और समाज का नाम रोशन करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान जैसे आयोजन समय की आवश्यकता हैं और इन्हें निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।