
आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली
विद्यालयों की शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश
आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने सांदीपनि विद्यालय, आलोट में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, ए.डी.पी.सी., सहायक यंत्री, आलोट विधानसभा क्षेत्र के समस्त संकुल प्राचार्य, बी.आर.सी.सी. तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विधायक डॉ. मालवीय ने स्कूल शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, अधोसंरचना तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा के दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों से प्राप्त शिकायतों पर विशेष रूप से चर्चा की तथा जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
#JanSampark #ratlam