सोनुआ में धूमधाम से पूजे गए विघ्नहर्ता: संजय नदी से पवित्र जल लाकर की गई कलश स्थापना, जयकारों से गूंज उठा क्षेत्र
सोनुआ प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को गणेश उत्सव अत्यंत धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. गणपति बप्पा मोरया के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. पूजा की शुरुआत में सोनुआ के मधूपुर स्थित संजय नदी पर पंडित द्वारा पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद पवित्र जल कलश में भरकर पूजा स्थल तक लाया गया. पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं के समक्ष श्रद्धालुओं ने धूप, दीप, फल-फूल, वस्त्र और रिद्धि-सिद्धि के दाता को प्रिय लड्डू व नैवेद्य अर्पित कर अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की.