
ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत, मुआवजे और जांच की मांग पर अड़े परिजन; देर रात हुआ समझौता
जोधपुर। पाल लिंक रोड स्थित राज हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने शव लेने से इनकार कर अस्पताल परिसर में धरना दे दिया और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ एक करोड़ रुपए मुआवजे की मांग रखी। देर रात अस्पताल प्रशासन और परिजनों के बीच समझौता होने के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार देचू क्षेत्र के कलाऊ निवासी संतोष पुरी (45) मंगलवार को ट्रैक्टर में जुताई की मशीन लगाते समय अंगुली कटने के बाद इलाज के लिए स्वयं बाइक चलाकर दोपहर करीब 2:30 बजे राज हॉस्पिटल पहुंचे थे। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने तक संतोष की हालत सामान्य थी, लेकिन ऑपरेशन के दौरान उनकी जान चली गई। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, एक करोड़ रुपए मुआवजा तथा उपचार के दौरान दी गई दवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। पुलिस की समझाइश के बावजूद परिजन बुधवार को भी शव लेने को तैयार नहीं हुए।
वहीं अस्पताल प्रबंधन के डायरेक्टर राकेश चौधरी ने बताया कि मरीज को ऑपरेशन थिएटर में ले जाने के बाद कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।