बड़ोंन कला तिराहे पर लोहे के गाटरों से भरा ट्राला पलटा, टला बड़ा हादसा
दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र के बड़ोंन कला तिराहे पर गौरी होटल के सामने गुरुवार को लोहे के गाटरों से भरा ट्राला अचानक पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार ट्राला क्रमांक HR 73 A 3777 रायपुर से लुधियाना जा रहा था। इसी दौरान बड़ोंन कला तिराहे के पास ट्राले का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्राला सड़क किनारे पलट गया। ट्राले में लोहे के गाटर भरे हुए थे।
चालक अंकुर के अनुसार टायर फटने के बाद ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर जांच की जा रही है।