बारिश के अलर्ट पर बस्ती प्रशासन अलर्ट, खुद मैदान में उतरे अधिकारी
CRO और नगर पालिका ईओ ने संवेदनशील क्षेत्रों, नदी तटों व घाटों का किया निरीक्षण, जलभराव से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा
बस्ती। मौसम विभाग (IMD) की ओर से 25, 26 और 27 सितंबर को बस्ती में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित जलभराव, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और आपदा की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में निगरानी रखने और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) कीर्ति प्रकाश भारती शनिवार सुबह से ही विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचीं। उन्होंने नदी तटों और घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर, जल निकासी व्यवस्था तथा संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर क्षेत्र में भी जलनिकासी व्यवस्था की पड़ताल
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने फील्ड में पहुंचकर नालों, जलनिकासी व्यवस्था और जलभराव की आशंका वाले स्थानों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और बारिश के दौरान जलनिकासी में किसी तरह की बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की अपील—सहयोग करें, अफवाहों से बचें
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, घाट, निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें।
अधिकारियों के खुद फील्ड में उतरने से प्रशासन की तैयारियों की सक्रियता स्पष्ट दिखाई दे रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए घबराने के बजाय सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
Basti, Basti | Sep 26, 2026