
#Balrampur ! बरही संस्कार में शामिल होने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मातम...
#बलरामपुर। #सादुल्लानगर-#मनकापुर मार्ग पर मंगलवार शाम मौनी बाबा कुटी के पास पेट्रोल पंप के निकट दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 48 वर्षीय राधा देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के जिगनी माझा गांव निवासी नंदराम अपनी पत्नी राधा देवी के साथ बाइक से ससुराल मगुहवा में आयोजित बरही संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे मौनी बाबा कुटी के पास सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राधा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राधा देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतका के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद फरार अज्ञात बाइक सवार की तलाश की जा रही है।