
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीरगति स्मारक पर वीरों को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने की शिरकत, वीरांगनाओं का किया सम्मान, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
चूरू कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को चूरू जिला मुख्यालय पर वीरगति स्मारक पर राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता एवं बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, एडीएम अर्पिता सोनी, एएसपी सुनील कुमार, बसंत शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर मौन रखते हुए वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन लाल मेघवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के शौर्य, पराक्रम और अदम्य राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। कारगिल के वीर सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्र उनके इस अमूल्य योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। हमारे वीरों की वीरगाथाएं देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। हम सभी वीर सैनिकों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। उन्होंने वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसी के साथ उन्होंने संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम के तहत साइकिल चलाकर स्वास्थ्य संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण की भूमिका में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अनिल कुमार पूनियां ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि और भारतीय सेना ने अदम्य साहस, सैन्य अभियानों की जानकारी दी।
इस अवसर पर एसडीएम धीरज झाझड़िया, ईसीएचएस प्रभारी एवं पूर्व जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (नेवी) कंवर दलीप सिंह, भागीरथ शर्मा, नरेन्द्र सिंह राठौड़, भास्कर शर्मा, सुरेश सारस्वत, दीनदयाल सैनी, मदनगोपाल बालाण, सैनिक विश्राम गृह प्रभारी सूबेदार सुभाषचन्द्र, सूबेदार गुमान सिंह शेखावत, बीएल मेहरा, डॉ बीके चौधरी, धर्मेंद्र राकसिया, आकाश सैनी, एनसीसी अधिकारी एवं कैडेट्स, अनेक पूर्व सैनिक, गौरव सैनानी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#follower #nonfollowers
Churu, Churu | Jul 26, 2026