
BJP Bihar
#विधानसभा_उपचुनाव: बिहार के बांकीपुर में शुरुआती मतगणना में प्रशांत किशोर आगे
संगरिया की आवाज़
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर का उपचुनाव बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ख़िलाफ़ लड़ाई में बना दी
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की शुरुआती मतगणना में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर आगे चल रहे हैं. इस सीट पर बीजेपी के नीरज कुमार दूसरे नंबर पर हैं.
चुनाव आयोग के मुताबिक़ बांकीपुर सीट पर कुल 31 राउंड की काउंटिंग होनी हैं और यहां अभी दूसरे राउंड की गिनती पूर हुई है, जिसमें प्रशांत किशोर अपनी बढ़त बनाए हुए हैं.
प्रशांत किशोर को 3795 और नीरज कुमार को 2634 वोट मिले हैं. इस तरह वह 1161 वोटों से आगे हैं. जबकि आरजेडी की रेखा कुमारी तीसरे नंबर पर हैं. बांकीपुर सीट पटना के शहरी इलाक़े में मौजूद है और इसे बीजेपी का मज़बूत गढ़ माना जाता है.
वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी के आशुतोष तिवारी आगे चल रहे हैं, जबकि गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के ही सतेंद्रभाई पटेल आगे चल रहे हैं. इन सीटों पर 30 जुलाई को वोटिंग हुई थी.
आमतौर पर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बहुत ज़्यादा उत्साह नहीं देखा जाता है, लेकिन इस बार बांकीपुर में जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ख़ुद चुनाव मैदान में उतरे और इस वजह से इसके नतीजे पर कई लोगों की नज़र है.
वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट से नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने की भी खूब चर्चा रही. पार्टी के इस फ़ैसले के बाद उनके समर्थकों में नाराज़गी भी देखी गई थी.
प्रशांत किशोर पहली बार ख़ुद चुनाव मैदान में उतरे
इमेज कैप्शन,प्रशांत किशोर पहली बार ख़ुद चुनाव मैदान में उतरे
बांकीपुर विधानसभा सीट (बिहार)
इस शहरी सीट पर हुए उपचुनाव में क़रीब 35 फ़ीसदी वोटिंग हुई थी. साल 2025 के विधानसभा चुनाव में यहाँ 41.35% मतदान हुआ था. तब बीजेपी के नितिन नबीन ने आरजेडी की रेखा गुप्ता को क़रीब 52 हज़ार मतों से हराया था.
बांकीपुर सीट से बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन विधायक थे. उन्हें पार्टी ने अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया. राज्यसभा के लिए सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफ़ा दे दिया था.
पांच जुलाई को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी की घोषणा की थी. जिसके बाद यह यह हाई प्रोफ़ाइल मुक़ाबले में बदल गई.
इससे पहले नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी ने अधिकांश सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे लेकिन प्रशांत किशोर ने अंतिम समय में चुनाव में उतरने से मना कर दिया था.
उन्होंने कहा था कि 'यह उनकी पार्टी का फ़ैसला था कि बाकी सीटों पर ध्यान देना ज़रूरी है.'
बांकीपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद उन्होंने कहा था, "मैं बांकीपुर उपचुनाव लड़ने की ज़िम्मेदारी को उसी लक्ष्य की तरफ एक कदम मानता हूं. नवंबर 2025 में हज़ारों और लाखों लोग जन सुराज के विचारों और प्रयासों से जुड़े थे. अगर हम जीते तो इससे न सिर्फ़ यह आंदोलन मजबूत होगा, बल्कि बिहार में बदलाव की सोच को भी नई ताक़त मिलेगी."
जन सुराज पार्टी साल 2025 के चुनाव में अपना खाता तक नहीं खोल पाई थी. पार्टी का प्रदर्शन इतना ख़राब रहा कि उसके 238 में से 236 उम्मीदवार अपनी ज़मानत तक नहीं बचा पाए.
बीजेपी ने अंतिम समय में बदला था उम्मीदवार
इस सीट पर बीजेपी की ओर से घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने अंतिम समय में पारिवारिक कारण बताते हुए 10 जुलाई को अपना नामांकन वापस ले लिया था.
जबकि कुछ घंटे पहले तक बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बांकीपुर में अभिषेक कुमार के लिए लोगों से वोट मांग रहे थे. इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया. नीरज साल 2006 से बीजेपी के सदस्य हैं और दो बार मंडल अध्यक्ष रहे हैं.
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रशांत किशोर का कहना था कि जनता के पास अब विकल्प आ गया है तो बीजेपी को अब उम्मीदवार नहीं मिल रहा है.
संगरिया की आवाज़।