
देवघर के अप्रेश कुमार सिंह ने संभाला सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश का पदभार, वरिष्ठ नागरिक क्लब ने दी बधाई।
देवघर: –देवघर जिला ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए यह गौरव और हर्ष का विषय है कि देवघर के प्रतिष्ठित चिकित्सक दंपत्ति डॉ. श्रद्धा सिंह और डॉ. राम गोपाल सिंह के सुपुत्र श्री अप्रेश कुमार सिंह ने 6 अक्टूबर 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण किया।
देवघर से शुरू हुई शिक्षा की यात्रा:– न्यायमूर्ति अप्रेश कुमार सिंह का जन्म देवघर जिले के करौं में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा देवघर के प्रतिष्ठित संत फ्रांसिस स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने देवघर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से अपनी शिक्षा जारी रखी। उच्च शिक्षा के बाद उन्होंने दिल्ली से कानून की प्रतिष्ठित डिग्री हासिल की।इस प्रकार उनके शैक्षणिक जीवन की मजबूत नींव बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में ही तैयार हुई।
वकालत से न्यायपालिका तक का सफर:–अप्रेश कुमार सिंह ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत वकालत से की। उन्होंने पटना उच्च न्यायालय और बाद में झारखंड उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। लंबे न्यायिक अनुभव के दौरान उन्होंने संवैधानिक मूल्यों, निष्पक्षता और न्याय के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।वर्ष 2012 में वे झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने। इसके बाद न्यायिक क्षेत्र में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
बाद में उन्होंने त्रिपुरा उच्च न्यायालय और तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। उनके न्यायिक कार्यकाल में उनकी विद्वता, निष्पक्षता और विवेकपूर्ण न्यायिक दृष्टिकोण की सराहना की गई।
अब सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण करना उनके न्यायिक करियर की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
वरिष्ठ नागरिक क्लब ने इसे बताया देवघर के लिए गौरव :– वरिष्ठ नागरिक क्लब के सदस्यों ने कहा कि श्री अप्रेश कुमार सिंह की यह सफलता उनके माता पिता और परिजनों के लिए गर्व और संतोष का विषय है। वहीं, देवघरवासियों के लिए भी यह उपलब्धि अत्यंत गौरवपूर्ण है। क्लब के सदस्यों ने बाबा बैद्यनाथ और माता पार्वती से प्रार्थना करते हुए कहा कि श्री अप्रेश कुमार सिंह इसी तरह न्याय और संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहते हुए अपने गरिमापूर्ण दायित्वों का निर्वहन करें और देश की न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दें। वरिष्ठ नागरिक क्लब, पुरनदाहा, देवघर की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और स्नेहाशीष प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर अवकाश प्राप्त प्रधान न्यायाधीश श्री ए.पी. शर्मा, अवकाश प्राप्त उपायुक्त श्री के.के. दास, वरिष्ठ नागरिक क्लब के संयोजक श्री अशोक कुमार सिंह सहित क्लब के अनेक सदस्यों ने शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
अभिनंदन करने वालों में श्री शंभु प्रसाद सिंह, श्री विट्ठल भाई पटेल, श्री रमा शंकर सिंह, श्री गिरींद्र प्रसाद, श्री अनिल कुमार पांडे, श्री चंद्रहास शर्मा, श्री कुमार संजीव सिंह, श्री व्यास, श्री श्याम किशोर सिंह, श्री घनश्याम राय, श्री पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता, श्री राधिका रमण, श्री विनोद कुमार वर्णवाल, श्री लख्खी कांत मांझी, अधिवक्ता श्री राम कुमार शर्मा, श्री श्याम किशोर चौधरी सहित वरिष्ठ नागरिक क्लब, पुरनदाहा, देवघर के अन्य सदस्य शामिल रहे।