
सीएचसी पलिया में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन, 7 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
विधायक रोमी साहनी ने फीता काटकर किया शुभारंभ, रक्तदान को बताया मानव सेवा का महादान
पलिया कलां, खीरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलिया कलां में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखीमपुर खीरी के निर्देशानुसार आयोजित शिविर का शुभारंभ पलिया विधायक रोमी साहनी ने फीता काटकर किया। शिविर की अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भरत सिंह ने की, जबकि संयोजन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने किया। शिविर में कुल सात लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शिविर में जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी के ब्लड बैंक की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न कराई। रक्तदान करने वालों में आदर्श सिंह, साजिद अहमद, प्रताप सिंह, अंकुश राजभर, जगबीर सिंह, विनीत कुमार मौर्य और उत्तम कुमार शामिल रहे।
इस अवसर पर विधायक रोमी साहनी ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने समाज के सभी स्वस्थ लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही रक्तदान करने वाले सभी लोगों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद वर्मा, लैब टेक्नीशियन अमित कुमार, अंकित कुमार, अजय राय एवं अमन कुमार सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। भाजपा के नगर अध्यक्ष उदयवीर सिंह, वरुण कुमार मिश्रा, बिट्टू शुक्ला, उत्तम कुमार, अभिनव मिश्रा, डिंपल शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने भी शिविर के आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना है। शिविर के माध्यम से समाज में मानव सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। #highlightseveryone #paliakalankheri #viralvideochallenge #LakhimpurKheri #followers #नीमगाँव