#लाडनूं में कार बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
लाडनूं में खराब कार को सही हालत में बताकर बेचने और एग्रीमेंट की शर्तों का पालन नहीं करने का मामला सामने आया है। मदीना कॉलोनी निवासी मुस्ताक खां ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी पुत्री शाहीना बानो ने 11 फरवरी को 4 लाख रुपये में एक मारुति सियाज कार खरीदी थी। वाहन बिक्री के दौरान हुए एग्रीमेंट में इंजन और गियर बॉक्स की जिम्मेदारी विक्रेता की तय की गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, कार खरीदने के कुछ ही समय बाद इंजन, टर्बो, हेडलाइट और अन्य तकनीकी खराबियां सामने आने लगीं, जिन पर हजारों रुपये खर्च किए गए। बाद में मिस्त्री ने वाहन के इंजन और गियर बॉक्स में गंभीर खराबी बताते हुए 40 से 50 हजार रुपये खर्च आने की बात कही।
पीड़ित का आरोप है कि वाहन विक्रेता और दलाल को बार-बार सूचना देने के बावजूद न तो कार की मरम्मत करवाई गई और न ही खर्च की गई राशि लौटाई गई। फिलहाल वाहन सुजानगढ़ स्थित एक गैरेज में खड़ा है। पीड़ित ने विक्रेताओं पर धोखाधड़ी कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।