
#Balrampur ! #पचपेड़वा में 17 वर्षीय किशोरी की जलकर मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
#बलरामपुर। पचपेड़वा थाना क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुर टंटनवा में मंगलवार देर रात 17 वर्षीय शकीना की आग से जलकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतका की मां अजीजुन के मुताबिक, मंगलवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। इसी दौरान शकीना घर के पीछे स्थित रसोई में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मां ने बताया कि वहां पुराना मोबिल ऑयल रखा था। आरोप है कि शकीना ने तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मां ने यह भी बताया कि शकीना मानसिक रूप से कमजोर थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पीएम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#balrampur #pachperwa