
-#रिश्तेदारों ने ही उड़ाया था ढाई करोड़ का खजाना! 90 लाख नकद व 1.324 किलो सोना बरामद…
-#ब्राइट_न्यूज_कांगड़ा
-#कांगड़ा जिले के देहरा के रक्कड़ थाना क्षेत्र में दर्ज करीब ढाई करोड़ रुपए की चोरी और आपराधिक न्यासभंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देहरा पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 90 लाख रुपए नकद, 801 अमेरिकी डॉलर, 1 किलो 324 ग्राम सोना एवं अन्य आभूषण, शिकायतकर्ता का पासपोर्ट तथा महत्वपूर्ण जमीनी दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य करीब 2 करोड़ रुपए आंका गया है।
-#पुलिस_अधीक्षक संदीप धवल के अनुसार, थाना रक्कड़ में 29 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मौआं गांव निवासी शिकायतकर्ता अविनाश ने आरोप लगाया था कि उसके रिश्तेदारों ने 4 से 4.5 किलोग्राम सोना, चांदी व हीरे के आभूषण, नकदी, पासपोर्ट और जमीन से जुड़े दस्तावेजों का गबन कर लिया, जिसकी कुल कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपए थी। घटना की जानकारी करीब तीन माह बाद मिलने के कारण शुरुआती जांच चुनौतीपूर्ण रही, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.पी. जमवाल के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
-#पुलिस के अनुसार, पीड़ित दुबई में सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत था। विदेश में नौकरी के दौरान की गई मेहनत की कमाई से उसने यह संपत्ति और आभूषण अर्जित किए थे, जिन्हें आरोपियों ने कथित रूप से गबन कर लिया।
-#जांच के दौरान पुलिस ने पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक संदिग्ध ब्रीफकेस, 801 अमेरिकी डॉलर, शिकायतकर्ता का पासपोर्ट, जमीन के दस्तावेज तथा सोने-हीरे के कुछ आभूषण बरामद किए गए। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब के डेराबस्सी स्थित एक मकान में छापेमारी कर नकदी और सोने-हीरे के आभूषण बरामद किए गए तथा तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
-#इस प्रकार मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपियों को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली है और उन्हें भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
-#पुलिस ने बताया कि मामले में शेष नकदी एवं आभूषणों की बरामदगी, अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की पहचान तथा पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच लगातार जारी है।