
नशे के खिलाफ शिवाजी प्रेस क्लब और पुलिस की संयुक्त मुहिम, 7 सितंबर को देवधर से होगी 'नशे से जंग' की शुरुआत
यमुनानगर:
पर्यावरण संरक्षण के तहत चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के बाद अब शिवाजी प्रेस क्लब सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी मैदान में उतर गया है। क्लब अब यमुनानगर पुलिस के साथ मिलकर 'नशे से जंग यमुनानगर पुलिस के संग' विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करेगा।
इस योजना को लेकर शिवाजी प्रेस क्लब के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल और उपायुक्त प्रीति से मुलाकात की।
एसपी ने दी 7 सितंबर के कार्यक्रम को मंजूरी
प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान एसपी कमलदीप गोयल ने नशे के खिलाफ इस पहल की सराहना की और 7 सितंबर को ग्राम पंचायत देवधर में 'नशे से जंग यमुनानगर पुलिस के संग' कार्यक्रम आयोजित करने की आधिकारिक मंजूरी प्रदान की।
प्रशासन हर कदम पर साथ: डीसी व एसपी
डीसी प्रीति और एसपी कमलदीप गोयल दोनों ने शिवाजी प्रेस क्लब के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्लब लीक से हटकर समाज हित में बेहतरीन काम कर रहा है। जिला प्रशासन इस तरह की सकारात्मक पहलों में क्लब के साथ मजबूती से खड़ा है।
सामाजिक दायित्वों को निभा रहा क्लब: रविंद्र चौहान
शिवाजी प्रेस क्लब के प्रधान रविंद्र चौहान ने बताया कि 7 जुलाई को क्लब के पंजीकरण के तुरंत बाद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इसके बाद लगातार 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चलाकर गांवों और स्कूलों की खाली पड़ी भूमि पर पौधारोपण किया जा रहा है तथा उनके संरक्षण का जिम्मा भी सौंपा जा रहा है। अब एसपी कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में पूरे जिले में नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। नशे से जंग यमुनानगर के संग कार्यक्रम में विशेष रूप से एडवोकेट और समाजसेवी सुशील आर्य उपस्थित होंगे। इसके साथ ही क्लब जल्द ही कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में भी 'एक पेड़ मां के नाम' पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन करेगा। इस मौके पर क्लब के कोषाध्यक्ष रामकिशन कश्यप, सतीश धीमान , नितिन सिंगला, प्रीति सैनी , रवीश चौहान, रवि कुमार , संजीव गुप्ता , रुद्र प्रताप सिंह चौहान और अंतिम प्रजापति उपस्थित रहे।