
22 लाख का 'महाधोखा': नई बताकर थमा दी पुरानी क्रेटा, न ADAS फीचर मिला न 360° कैमरा; शोरूम के 4 अफसरों पर FIR !
L.b. Bhakhar #lalbahadurbhakharjournlist
पीलीबंगा (हनुमानगढ़) #लालबहादुर_भाखर
नई कार खरीदने की चाहत में ₹22 लाख गंवाने और धोखाधड़ी का शिकार होने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हनुमानगढ़ के एक शोरूम पर आरोप लगा है कि उन्होंने ग्राहक को बिल्कुल नई कार बताकर पुरानी और कम फीचर्स वाली क्रेटा कार सौंप दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शोरूम से जुड़े चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत (आपराधिक न्यास भंग) का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, चक 23 एसटीजी (वार्ड नंबर 5) के रहने वाले प्रभुदयाल बेनीवाल (पुत्र देवीलाल जाट) नई हुंडई क्रेटा खरीदना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित 'पारस हुंडई' शोरूम से संपर्क किया। शोरूम के सेल्समैन डिप्टी सिंह ने उन्हें *Hyundai Creta 1.5 CRDI AT SX(O)* मॉडल दिखाया। सेल्समैन ने दावा किया कि इस गाड़ी में एडवांस सेफ्टी फीचर्स जैसे कि ADAS लेवल-2 (स्मार्ट सेंस) 360 डिग्री कैमरा और ब्लूलिंक कनेक्टिविटी मौजूद हैं।
टैक्स और इंश्योरेंस मिलाकर गाड़ी का कुल सौदा करीब ₹22 लाख में तय हुआ। पीड़ित प्रभुदयाल ने शोरूम की बातों पर भरोसा करके 30 अप्रैल को आरटीजीएस (RTGS) के जरिए पूरी रकम कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दी, जिसके बाद 2 मई को उन्हें गाड़ी की डिलीवरी दे दी गई।
धोखाधड़ी का यह खेल तब सामने आया जब डिलीवरी के कुछ दिनों बाद ग्राहक को गाड़ी के असल दस्तावेज मिले। कागजात खंगालने पर पीड़ित के होश उड़ गए
जिस कार को बिल्कुल नई कहकर बेचा गया था, उसका इंश्योरेंस प्रभुदयाल के खरीदने से काफी पहले, यानी 13 मार्च 2026 को ही हो चुका था।
गाड़ी का इन-बिल्ट ब्लूलिंक सिस्टम भी पहले से ही किसी अन्य डिवाइस से एक्टिवेटेड (चालू) था। जब प्रभुदयाल कार में एडस (ADAS) फीचर शुरू करवाने वर्कशॉप पहुंचे, तो वहां के टेक्नीशियन ने बताया कि इस गाड़ी में ADAS लेवल-2 फीचर इंस्टॉल ही नहीं है। यानी उन्हें ऊंचे मॉडल के पैसे लेकर नीचा मॉडल थमा दिया गया था
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इस जालसाजी की शिकायत शोरूम के जिम्मेदार अधिकारियों से की, तो पहले तो उन्हें गाड़ी बदलने का भरोसा दिया गया। लेकिन बाद में शोरूम प्रबंधन ने साफ इनकार कर दिया।
आखिरकार थक-हारकर पीड़ित ने कानून का दरवाजा खटखटाया। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर्ष जैन, डिप्टी सिंह, कृष्ण कुमार और विवेक कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की बारीकी से तफ्तीश शुरू कर दी है।
लालबहादुर भाखर संवाददाता
9875131305
7014718676☎️☎️📞📞✅✅