
➡️*रबी सीजन 2026-27 के लिए भाखड़ा सिंचाई प्रणाली में जल वितरण कार्यक्रम तय*
➡️*21 सितंबर से 15 दिसंबर तक 1200 क्यूसेक, 15 दिसंबर से 25 फरवरी तक 850 क्यूसेक पानी; जल उपलब्धता के अनुसार रेगुलेशन में हो सकता है बदलाव*
➡️हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में बुधवार को भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की रबी 2026-27 की डिप्लीशन अवधि के दौरान जल उपयोग एवं वितरण को लेकर गठित समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाखड़ा सिंचाई प्रणाली के तहत रबी फसल के लिए पानी के वितरण, पेयजल आपूर्ति और आगामी नहरबंदी को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
➡️बैठक में बताया गया कि 20 सितंबर 2026 को भाखड़ा डैम का जल स्तर 1644.49 फीट रहा, जबकि गत वर्ष इसी दिन जल स्तर 1677.50 फीट था। डिप्लीशन अवधि के लिए भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की सादुल ब्रांच एवं करणी सिंह ब्रांच के लिए करीब 1,76,500 क्यूसेक-डे जल उपलब्ध होना संभावित है।
➡️समिति में विचार-विमर्श के बाद रबी फसल के लिए जल वितरण कार्यक्रम तय किया गया। इसके अनुसार 21 सितंबर से 15 दिसंबर 2026 तक 1200 क्यूसेक पानी 2 में से 1 समूह को दिया जाएगा। इसके बाद 15 दिसंबर 2026 से 25 फरवरी 2027 तक 850 क्यूसेक पानी 3 में से 1 समूह को तथा 25 फरवरी से 13 मार्च 2027 तक 1200 क्यूसेक पानी 2 में से 1 समूह को उपलब्ध कराया जाएगा।
➡️बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दिसंबर के प्रथम सप्ताह तथा जनवरी माह के अंत में जल उपयोग एवं वितरण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में ड्राई इनफ्लो से प्राप्त होने वाले जल की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बेहतर इनफ्लो प्राप्त होने की स्थिति में जल वितरण के वर्तमान रेगुलेशन में आवश्यक बदलाव किया जा सकेगा।
➡️बैठक में विभाग के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के बाद 13 मार्च से 21 मार्च 2027 तक पेयजल की आपूर्ति प्राथमिकता क्रम के अनुसार संचालित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 21 मार्च से 21 अप्रैल 2027 तक सादुल ब्रांच एवं करणी सिंह ब्रांच के रिलाइनिंग निर्माण कार्य के लिए 31 दिन की पूर्ण नहरबंदी पर सहमति बनी।
➡️नहरबंदी अवधि पूरी होने के बाद 21 अप्रैल से 20 मई 2027 तक पेयजल की आपूर्ति प्राथमिकता क्रम के अनुसार संचालित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में जल उपलब्धता की स्थिति के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम की समीक्षा एवं आवश्यकतानुसार संशोधन किए जाने पर भी सहमति बनी।