
झुग्गी में रहने वाले बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए आग़ाज़ चैरिटेबल ट्रस्ट ने मनाया जन्मदिन
रोहतक। आग़ाज़ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा झुग्गी क्षेत्र में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों के साथ एक भावनात्मक एवं खुशियों से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ केक काटा गया तथा उन्हें मिठाई वितरित की गई।
ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान लाना था, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण अपने जन्मदिन जैसी खुशियों से वंचित रह जाते हैं। कार्यक्रम में विशेष रूप से उन बच्चों का जन्मदिन मनाया गया जिन्हें अपनी जन्मतिथि अथवा जन्मदिन के बारे में जानकारी तक नहीं है। बच्चों ने केक काटने और मिठाई बांटने के दौरान उत्साहपूर्वक भाग लिया और उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर आग़ाज़ चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव नीरू ने कहा कि बच्चों के साथ कुछ पल खुशियां बांटना ही इस आयोजन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद बच्चों को केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्यार, अपनापन और सम्मान देना भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि आग़ाज़ चैरिटेबल ट्रस्ट भविष्य में भी जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए इसी प्रकार के सेवा कार्य करता रहेगा, ताकि समाज के हर बच्चे के जीवन में खुशियों की रोशनी पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम में सचिव नीरू, नरेश खत्री, नीलम, परवीन मित्तल एवं एडवोकेट अजय सचदेवा उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें मिठाई वितरित कर शुभकामनाएं दीं।
आग़ाज़ चैरिटेबल ट्रस्ट का यह प्रयास समाज में मानवता, संवेदनशीलता और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
Rohtak, Rohtak | Oct 4, 2026