बारिश में सड़ गई हजारों क्विंटल धान, 15 हजार बोरियां खराब; अब नीलामी की तैयारी
डिंडौरी। जिले के निगवानी वेयर हाउस के ओपन कैंप में रखी हजारों क्विंटल धान बारिश की वजह से खराब हो गई है। कई बोरियां सड़ चुकी हैं, जबकि जगह-जगह धान अंकुरित होकर पौधों में बदल गई है। मजदूर अब खराब और सही धान को अलग-अलग करने में जुटे हैं।
वेयर हाउस में कार्यरत मजदूर मातादीन के अनुसार, कैंप में करीब 75 ओपन स्टेक हैं और प्रत्येक में लगभग 3 हजार बोरियां रखी गई हैं। इनमें से करीब 15 हजार बोरियां खराब हो चुकी हैं। सही धान को नए बोरों में भरकर मिलों तक भेजा जा रहा है।
मजदूरों ने बताया कि बारिश के साथ चूहों ने भी भारी नुकसान पहुंचाया है। चूहों ने बोरों को कई जगह से काट दिया, जिससे धान गीली होकर काली पड़ गई। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी वैद्यनाथ वासनिक के मुताबिक, वर्ष 2022 में खरीदी का ठेका गोगरिन कंपनी को दिया गया था। कंपनी के ब्लैकलिस्ट होने के कारण समय पर धान का उठाव नहीं हो सका। खराब धान की नीलामी के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
#Dindori #MadhyaPradesh #PaddyDamage #RainAlert #TheVindhya