
महाराष्ट्र की मराठी भाषा को जोड़ने वाली भाषा बताते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मराठी पर किसी तरह की जबरदस्ती नहीं की जा रही, बल्कि लोग प्रेम और सम्मान के साथ इसे अपना रहे हैं।
मुंबई के बोरीवली स्थित कोरा केंद्र ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में 20 हजार हिंदी भाषी रिक्षा और टैक्सी चालकों को मराठी व्यवहार भाषा प्रशिक्षण पूरा करने के प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
भाषा और संस्कृति से प्रेम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा कि किसी व्यक्ति की जन्मभूमि उत्तर प्रदेश, बिहार या कोई अन्य राज्य हो सकती है, लेकिन अगर उसकी कर्मभूमि महाराष्ट्र है तो उसे यहां की मराठी भाषा और संस्कृति से प्रेम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मराठी भाषा लोगों को जोड़ने का काम करती है, तोड़ने का नहीं। उन्होंने कहा कि सड़क पर उतरते समय बड़ी संख्या में मराठी सीख चुके रिक्षा-टैक्सी चालकों को देखकर उन्हें खुशी हुई।
उन्होंने इस पहल के लिए विधायक प्रकाश सुर्वे की सराहना की। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने भी साहित्यकारों, भाषा विशेषज्ञों, शिक्षकों और मराठी प्रेमियों के सहयोग से इस कठिन कार्य को सफल बनाने के लिए सभी का अभिनंदन किया। #mumbai
Vasai, Palghar | Aug 27, 2026