
#जसरासर क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामले, अवैध शराब बरामद; दो प्रकरण दर्ज
#बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, वहीं सीमांकन विवाद और नाबालिग को आग लगाने के आरोप से जुड़े दो प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस ने कुचौर आथूणी बस स्टैंड पर कार्रवाई करते हुए रामेश्वरलाल सांसी (24) निवासी कुचौर अगुणी को 240 पव्वे देशी व 10 पव्वे अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी शराब बिक्री का कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
वहीं झाड़ेली गांव में खेत के सीमांकन को लेकर हुए विवाद में एक महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में सीमा पट्टियां तोड़ने, मारपीट, महिलाओं से धक्का-मुक्की, कपड़े फाड़ने और जेवर छीनने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा 14 वर्षीय किशोर की रिपोर्ट पर गांव के एक युवक के खिलाफ पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। घटना 15 जून की रात धोरा बास स्थित चौक में हुई बताई गई है। झुलसे किशोर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।