
पंडाल में कट्टा खोंसकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा
बख्तियारपुर (पटना)।
दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी पटना के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद पुलिस ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। मंगलवार को बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नया टोला माधोपुर स्थित हनुमान मिल के समीप मां छिन्नमस्तिका दुर्गा क्लब पूजा पंडाल के पास से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को लोडेड देशी कट्टे के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पटना जिला प्रशासन के संयुक्तादेश के तहत त्योहार पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंडालों में कड़ा पहरा लगाया गया था। मंगलवार दोपहर पूजा पंडाल पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार और उनके दल की नजर भीड़ के बीच संदिग्ध हालत में घूम रहे एक लड़के पर पड़ी। पुलिस को अपनी ओर बढ़ता देख उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान पंडारक थाना क्षेत्र के दरगाही टोला (लेमुआबाद) निवासी श्रवण यादव के 22 वर्षीय पुत्र मृत्युंजय कुमार उर्फ मंटु के रूप में हुई है। जब पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी कमर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। सरेआम भीड़भाड़ वाले इलाके में हथियार मिलने से आसपास सनसनी फैल गई। पुलिस तुरंत उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई।
बख्तियारपुर पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 748/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26 में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस बिंदु पर गहन पूछताछ कर रही है कि युवक पूजा पंडाल में हथियार लेकर किस नीयत से पहुंचा था—क्या वह किसी पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने आया था या दहशत फैलाने की नीयत थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।