
शोघी में बस से 36 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने रामपुर से पकड़े तीनों आरोपी
शिमला। शिमला पुलिस ने शोघी में बस से करीब 36 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामदगी के मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कपूर (31), विशाल ठाकुर (26) और खुशवंत सिंह (31), तीनों निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
मामला 13 अक्टूबर 2026 का है, जब पुलिस ने शोघी पुलिस चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली। इस दौरान बस के ऊपर रखे सामान के रैक में एक काले रंग के पिट्ठू बैग से करीब 36 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बैग का मालिक मौके पर नहीं मिलने के कारण पुलिस थाना पश्चिम, शिमला में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ ND&PS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। जांच में तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद अविनाश कपूर को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया, जबकि विशाल ठाकुर और खुशवंत सिंह को 19 अक्टूबर को पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने रामपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रही है। मामले में चिट्टे की आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो