
राजनगर : सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुनाबेड़ा पुलिया के पास रविवार सुबह करीब 9 बजे के आसपास भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में माँ रोहिणी बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार आशीष महतो, चांडिल अनुमंडल के कल्याणपुर गांव निवासी, अपने परिवार के साथ हरिना मेला से लौट रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ। बाइक पर उनकी पत्नी और दो बच्चे भी सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में आशीष महतो का दाहिना पैर पूरी तरह से टूट गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सबसे गंभीर बात यह रही कि घटना के करीब एक घंटे बाद तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
इस दौरान जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष संजय महतो ने एंबुलेंस की देरी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि इस तरह की घटना स्वीकार्य नहीं है।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बेहतर इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं सूचना मिलने के बाद राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
#RajnagarNews #KunabedaBridge #JharkhandNews #RoadAccident #BreakingNews #BusBikeAccident #SeriousAccident #HarinaMela #ChandilSubDivision #SaraikelaNews #JharkhandBreaking #AccidentNews #EmergencyDelay #LocalNewsJharkhand #ViralNews