
-#आंखों में मिर्च डालकर गहनों की स्नैचिंग करता था आरोपी, गिरफ्तार...
-#ब्राइट #न्यूज #शिमला
-#पहले निगाह रखता था, फिर मौका तलाशता था और जब रास्ता सुनसान मिलता, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर कुछ ही पल में गहने लेकर फरार हो जाता। शिमला जिला के कुमारसैन क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर स्नैचिंग की तीन वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को शिमला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जेल सिंह के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले का रहने वाला है।
-#रेकी के बाद सुनसान रास्ते चुनता था, पकड़ा गया शातिर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक घटनास्थल और आसपास के इलाकों की रेकी करता था। वह महिलाओं की आवाजाही और उनके आने-जाने के रास्तों पर नजर रखता था। इसके बाद ऐसे समय का इंतजार करता था, जब कोई महिला सुनसान या कम आवाजाही वाले रास्ते पर अकेली हो। मौका मिलते ही आंखों में मिर्च पाउडर डालकर महिला को असहाय करता और उसके पहने हुए सोने के गहने लेकर भाग जाता था।
-#जुब्बड़ से कण्डयाली तक एक जैसा तरीका..
-#पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास सीमा देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों की बालियां ले ली गई थीं। 14 सितंबर को कण्डयाली के पास सुनो देवी को इसी तरीके से निशाना बनाया गया और उनकी दोनों सोने की बालियां ले ली गईं। 26 सितंबर को कनकु के ढाबे पर वारदात हुई। आरोपी तीन दिन तक ढाबे पर आता रहा और महिला के अकेले होने पर उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर मंगलसूत्र लेकर फरार हो गया।
-#तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली कड़ी
तीनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने वारदात के तरीके और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली जानकारी को भी जांच से जोड़ा गया। इससे आरोपी की पहचान जेल सिंह पुत्र करण सिंह के रूप में हुई। जांच में उसकी लोकेशन नूरपुर में मिली। इसके बाद नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय कर उसे 5 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया और कुमारसैन थाना लाया गया। इसके बाद तीनों मामलों की पीड़िताओं और शिकायतकर्ताओं ने आरोपी की पहचान की।
-#चंबा में भी स्नैचिंग का मामला दर्ज..
-#पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ चंबा जिले के सिहुंता थाना में 5 मार्च 2026 को स्नैचिंग के मामले में अभियोग दर्ज है। पुलिस के अनुसार, तीनों वारदातों को आपस में जोड़कर की गई जांच के बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।