
-#होटल कारोबारी युद्ध चंद बैंस को जमानत, एक दिन पहले हुई थी गिरफ्तारी...
-#ब्राइट #न्यूज #शिमला
-#हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पूर्व नेता और होटल कारोबारी युद्ध चंद बैंस को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने से जुड़े मामले में जमानत मिल गई है। शनिवार को उन्हें शिमला में जिला न्यायालय चक्कर स्थित न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (JMIC-II) की अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने निर्धारित शर्तों और जमानत बंधपत्र के आधार पर उनकी रिहाई के आदेश दिए। इसके बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। युद्ध चंद बैंस को शिमला पुलिस ने शुक्रवार की शाम थाना बालूगंज में एक मामले में गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 299 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
-#पुलिस के अनुसार मामला एक सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है। आरोप है कि बैंस ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक ऐसी वीडियो साझा की थी, जिसमें विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने वाली सामग्री, एक विशेष समुदाय को लक्षित टिप्पणियां और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस का कहना है कि इस सामग्री के व्यापक प्रसार से कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका थी।
-#जिला शिमला पुलिस के मुताबिक, थाना बालूगंज में प्राप्त शिकायत के आधार पर वीडियो और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच और डिजिटल विश्लेषण के दौरान पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि संबंधित सामग्री विभिन्न समुदायों के बीच तनाव और वैमनस्य पैदा करने की प्रवृत्ति रखती है। पुलिस का यह भी कहना है कि जांच के दौरान युद्ध चंद बैंस को नोटिस देकर पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने अपेक्षित सहयोग नहीं किया। इसी आधार पर जांच में व्यवधान डालने से संबंधित बीएनएस की धारा 221 भी जोड़ी गई थी। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
-#युद्ध चंद बैंस पहले कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और हाल के वर्षों में प्रदेश सरकार के खिलाफ मुखर रुख अपनाते रहे हैं। वह होटल व्यवसाय से भी जुड़े हुए हैं। बैंस का नाम पहले एक चर्चित वित्तीय मामले में भी सामने आ चुका है। उन पर होटल निर्माण के नाम पर लिए गए करीब 20 करोड़ रुपये के ऋण से जुड़े कथित धोखाधड़ी के आरोप हैं। इस मामले की जांच राज्य विजिलेंस ब्यूरो कर रहा है और उनसे कई बार पूछताछ भी की जा चुकी है।