
युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने शनिवार को बलिया में प्रेसवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन महज 27 सीटों पर सिमट जाएगा क्योंकि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी।
रोहित सिंह ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया की स्थिति थी, जबकि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और प्रदेश में शांति का माहौल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश के विकास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीके नेतृत्व को जाता है।
उन्होंने बताया कि युवा चेतना संगठन कश्मीर से कन्याकुमारी तक अभियान चलाकर गरीब, किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेगा।
राम मंदिर के मुद्दे पर रोहित सिंह ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में कारसेवकों पर गोली चलाई गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रो. रामगोपाल यादव ने संसद में अयोध्या को लेकर जो टिप्पणी की थी, उस पर समाजवादी पार्टी को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अखिलेश यादव अब तक अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने क्यों नहीं गए।
रोहित सिंह ने कहा कि यह लड़ाई परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ आम युवाओं की लड़ाई है और प्रदेश का नौजवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ खड़ा है।
#RohitkumarSingh #yuvachetna #AkhileshYadav