
बिहार सरकार के कायाकल्प अभियान को जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई। बैठक में नगर आयुक्त ,उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर,कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सार्वजनिक परिसंपत्तियों (जैसे सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत भवन) की मरम्मत, जीर्णोद्धार और उनके बुनियादी ढांचे का उन्नयन करना है।जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा निर्धारित महत्वपूर्ण समय-सीमा का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने साफ तौर पर कहा कि निर्माण या मरम्त कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रखंडों के वरीय अधिकारियों को को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।
कार्य में लापरवाही बरतने वाले या समय-सीमा का उल्लंघन करने वाले संबंधित अधिकारियों और संवेदकों (Contractors) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि "बेहतर परिसंपत्तियाँ, बेहतर सुविधाएँ और बेहतर जीवन" के संकल्प के साथ पूर्वी चंपारण जिले को समृद्ध और सुविधायुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।