
बाजपुर न्यूज
नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन रोकने को लेकर एसएसपी से मिले यशपाल राजहंस, जागरूकता अभियान चलाने की मांग
बाजपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष यशपाल राजहंस ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से शिष्टाचार भेंट कर बाजपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े एक महत्वपूर्ण जनहित विषय पर चर्चा की। भेंट के दौरान उन्होंने अवगत कराया कि बाजपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, कोचिंग सेंटरों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास अक्सर 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राएं बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया एवं चौपहिया वाहन चलाते हुए दिखाई देते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और विद्यार्थियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। यशपाल राजहंस ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय नागरिकों द्वारा समय-समय पर दूरभाष एवं प्रत्यक्ष रूप से शिकायतें प्राप्त होती रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय प्रबंधन समितियों, अभिभावकों और पुलिस विभाग के संयुक्त सहयोग से विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान संचालित किए जाने की मांग की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने विषय को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। यशपाल राजहंस ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था और जनहित की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।