
पाकुड़: SDPO के सरकारी आवास में घुसने लगा 5.5 फीट लंबा जहरीला नाग, पालतू कुत्ते की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
पाकुड़: जिले के महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार के सरकारी आवास पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 5.5 फीट लंबा जहरीला स्पेक्टेकल्ड कोबरा (भारतीय नाग) मुख्य दरवाजे से घर के अंदर घुसने का प्रयास करने लगा। पालतू कुत्ते की सतर्कता से समय रहते परिवार को खतरे का आभास हो गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जाता है कि सबसे पहले SDPO के पालतू कुत्ते ने कोबरा को देखा। इसके बाद वह लगातार भौंकने लगा, जिससे घर के सभी सदस्य सतर्क हो गए और सुरक्षित स्थान पर चले गए। घटना की सूचना तत्काल वन्यजीव रेस्क्यूअर अशरफुल शेख को दी गई।
सूचना मिलते ही अशरफुल शेख मौके पर पहुंचे और काफी सावधानी के साथ करीब 5.5 फीट लंबे स्पेक्टेकल्ड कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन्यजीव रेस्क्यूअर अशरफुल शेख ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि घर या आसपास कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। इसकी सूचना तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर या वन विभाग को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।
#Tag:
#Pakur #Maheshpur #SDPO #CobraRescue #SnakeRescue #SpectacledCobra #Jharkhand #Wildlife #ForestDepartment #BreakingNews