
हैवानियत के बाद मौत के मुहाने पर छोड़ा, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे दोनों आरोपी
जमुआ गांव की वारदात से दहला इलाका, विशेष टीम की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों की गिरफ्तारी
श्री बंशीधर नगर: नगर उंटारी थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ था।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को दर्ज नगर उंटारी थाना कांड संख्या 134/2026 के आधार पर जमुआ गांव निवासी लल्लू राम उर्फ लल्लू कुमार तथा उमाशंकर राम उर्फ उमाशंकर कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने करीब 50 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म किया, फिर उसकी बेरहमी से पिटाई कर उसे मृत समझ लिया और साक्ष्य छिपाने की नीयत से नदी किनारे फेंक दिया।
पीड़िता की बहू की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
Chinia, Garhwa | Jun 18, 2026